नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को नागरिकता संशोधन विधेयक के खिलाफ विरोध करते हुए सीलमपुर में एक रैली निकाली जिसमें भाजपा व आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। रैली का आयोजन क्षेत्र के पूर्व विधायक चौधरी मतीन अहमद ने किया।
रैली में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं वरिष्ठ नेता मुकेश शर्मा एवं जिला अध्यक्ष कैलाश जैन भी शामिल रहे। इस दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के लोग हाथ में तिरंगे झंडे लेकर जगप्रवेश चन्द्र अस्पताल के समीप एकत्र हुए और उन्होंने बिल के विरोध में नारे लिखी तख्तियां हाथों में लेकर नारे लगाये।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि नागरिक संशोधन विधेयक देश को धर्मिक आधार बांटने की साजिश का हिस्सा है। धर्म निर्पेक्षता पर कई बार हमले लेकिन देश ने इसे कभी स्वीकार नही किया। उन्होंने जामिया में नौजवानों पर हुए लाठी चार्ज की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और घटना की जांच होनी चाहिए। वहीं चौ मतीन अहमद ने कहा कि सभी धर्मों के लोग सद्भाव के साथ रहते है, जिसको मोदी सरकार पचा नही पा रही है।
उन्होंने कहा कि लोगों की इतनी बड़ी संख्या यह साबित करती है कि यह विधयेक जनविरोधी है। वहीं मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिन्दुस्तान सभी धर्मों का देश है, पर किसी एक धर्म विशेष को देश से अलग-थलग करने की साजिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने रैली में नागरिकता संशेधन विधेयक को वापस लेने व देश में धार्मिक आधार पर धुव्रीकरण करने के खिलाफ एक निंदा प्रस्ताव रखा जिसे रैली में मौजूद हजारों लोगों ने हाथ उठाकर पारित किया।