पटना : कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने कहा कि समाजवादी विचारधारा वाले लोगों को एकजुट होना समय की मांग है। समाज का हर वर्ग केन्द्र व राज्य सरकार की नीति व कामकाज से असंतुष्ट हैं और इसका विकल्प कांग्रेस है। सदाकत आश्रम में आयोजित संवाद दाता सम्मेलन में तारिक अनवर ने कहा कि मैं बिना शर्त का 20 साल बाद एनसीपी छोड़ कांग्रेस में पुन: वापस आया हॅू।
कांग्रेस का मजबूत स्तम्भ रहा है बिहार। यहां कांग्रेस को फिर से ताकतवर बनाने की जरूरत है। इसके लिए पार्टी से अलग हुए कांग्रेस जनों को पुन: वापस आना चाहिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र की एनडीए सरकार के साढ़े चार वर्षों के शासनकाल में देश की जो हालत बनी वह छिपा नहीं है। इस सरकार की नीति व कामकाज से समाज कर हर वर्ग नाखुश है। यही हाल राज्य सरकार की है। नीतीश कुमार ने थोड़ा सा स्वार्थ के लिए यू-टर्न लेकर भाजपा की गोद में जा बैठे, इससे उनकी छवि को धक्का लगा है।
प्रदेश का कानून व्यवस्था खत्म हो चुका है। प्रशिक्षु सिपाहियों द्वारा पुलिस लाइल में जो हंगामा हुआ वह बिहार के इतिहास में पहली घटना है। उन्होंने कहा कि मैंने कांग्रेस की विचारधारा को कभी अलग नहीं माना। देश में कांग्रेस को विकल्प के रूप में देख दोबारा सदस्यता ग्रहण किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा, प्रचार समिति के अध्यक्ष सह सांसद डा. अखिलेश प्रसादसिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा, युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मंजीत आनंद साहू समेत अन्य उपस्थित थे।