नई दिल्ली : भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सलाहकार सैम पित्रोदा के बयान ‘1984 हुआ तो हुआ’ पर संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया। पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए मीनाक्षी लेखी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सलाहकार सैम पित्रोदा का 1984 के सिख दंगों पर बयान ‘हुआ तो हुआ’, कांग्रेस की सिखों के नरसंहार के प्रति सोच को दुनिया के सामने उजागर करता है।
हजारों सिखों को दिल्ली के चौराहों पर सरेआम कत्ल कर दिया गया उसके लिए कांग्रेस पार्टी को कोई दुख या तकलीफ नहीं है। उस समय कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राजीव गांधी ने 1984 के दंगों को लेकर बयान दिया था कि, ‘जब बरगद का पेड़ गिरता है तो जमीन हिलती है।’ लेखी ने आगे कहा कि सिख दंगो में आरोपी लोगों को कांग्रेस ने महत्वपूर्ण पद इनाम के रूप में दिए जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ हैं, जो कि सिख नरसंहार में सम्मिलित थे।