नई दिल्ली : नागरिकता संशोधन विधेयक (सीएबी) और एनआरसी मुद्दे पर दिल्ली सरकार की चुप्पी पर प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने ट्वीट कर केजरीवाल पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका नही है जब उन्होंने मोदी सरकार का समर्थन किया है, बल्कि इससे पहले भी अनेक मुद्दों पर उनकी पार्टी लोकसभा व राज्यसभा में भाजपा का समर्थन करता रहा है।
चोपड़ा ने आरोप लगाया कि यू-टर्न लेने में माहिर केजरीवाल अल्पसंख्यक विरोधी है, इसी के चलते उन्होंने इस विवादास्पद विधेयक पर बोलना उचित नहीं समझा। दूसरी ओर गुरुवार को कांग्रेस पार्टी आक्रामक रुप से इस विधेयक का विरोध किया और दिल्ली में जगह-जगह प्रदर्शन किए।
बाबरपुर जिले के अध्यक्ष कैलाश जैन ने क्षेत्र में केजरीवाल की चुप्पी के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला फूंका। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष सगीर अहमद, हाजी जरीफ, जनाब भाई, ओम प्रकाश वशिष्ठ, नफीस अहमद आदि शामिल थे।