कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए दिल्ली से अपने 6 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित को उत्तर पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस ने चुनावी मैदान में उतारा है। जहां उनके सामने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी खड़े हुए है। अजय माकन को नई दिल्ली, चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल, पूर्वी दिल्ली से अरविंदर सिंह लवली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से राजेश लिलौठिया और पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा को कैंडिडेट बनाया गया है।
कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए अब तक कुल 419 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है जिनमें संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम भी शामिल हैं।
रविवार को बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन समेत चार सांसदों को यहां से फिर टिकट दिया है। बीजेपी ने चांदनी चौक से हर्षवर्धन को और उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को फिर से टिकट दिया है। 64 साल के हर्षवर्धन ने 2014 के लोकसभा चुनाव में चांदनी चौक सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के आशुतोष को 1,36,320 वोटों से शिकस्त दी थी।
वह 1993 से कृष्णा नगर विधानसभा सीट पर लगातार पांच बार विजयी रहे थे। भोजपुरी गायक एवं अभिनेता तिवारी ने पिछले आम चुनाव में उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट जीती थी। उन्होंने आप के आनंद कुमार को 1,44,084 वोटों से हराया था। इस सीट पर पूर्वांचली और मुस्लिम मतदाताओं की संख्या खासी है।