मनोज तिवारी के क्षेत्र में कांग्रेस की हुंकार रैली

Summary :

कांग्रेस ने सीलिंग के खिलाफ न्याय युद्ध छेड़ा हुआ है। इसके छठे चरण में रविवार को सांसद तिवारी के संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस हुंकार रैली करने जा रही है।

नई दिल्ली : दिल्ली में कांग्रेस ने सीलिंग के खिलाफ न्याय युद्ध छेड़ा हुआ है। इसके छठे चरण में रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी के संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस हुंकार रैली करने जा रही है। कांग्रेस का दावा है कि इस रैली के बाद क्षेत्र के लोगों की राय भाजपा और आप के प्रति बदल जाएगी। सीलिंग अभियान समिति के संयोजक व वरिष्ठ नेता मुकेश शर्मा ने कहा कि रविवार को भाजपा व आप पार्टी के गढ़ में होने वाली हुंकार रैली में पार्टी दिल्ली नगर निगम व दिल्ली सरकार को सीलिंग के मुद्दे पर घेरा जाएगा।

इस रैली की अध्यक्षता पूर्व विधायक भीष्म शर्मा करेंगे। इस रैली को सफल बनाने के लिए भीष्म शर्मा ने शनिवार को छोटे कारोबारियों व दुकानदारों के साथ बैठकें की और उन्हें हुंकार रैली में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने इसके अलावा गांवों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की।

न्याय युद्ध में अब कांग्रेस की ललकार व हुंकार रैली

भीष्म शर्मा ने कहा कि गांमडी रोड पर होने वाली हुंकार रैली ऐतिहासिक होगी और इस रैली में सभी वर्गों के लोग शामिल होंगे जिनमें भारी संख्या में कामकाजी महिलाएं और सीलिंग के कारण बेरोजगार हुए नौजवान भी शामिल होंगे। रैली को अजय माकन, अरविन्दर सिंह लवली, हारुन यूसूफ, पूर्व विधायक मतीन अहमद, व चतर सिंह आदि सम्बोधित करेंगे।

Desk Team