नयी दिल्ली : दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमित 68 वर्षीय महिला की मौत के बाद निगम बोध घाट के श्मशान के कर्मचारियों ने अंतिम संस्कार के सिलसिले में निर्देशों के लिये स्वास्थ्य अधिकारियों से संपर्क किया था ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि शव से संक्रमण नहीं फैले। इसके बाद शनिवार को राम मनोहर लोहिया अस्पताल और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी में निगमबोध घाट पर महिला का सीएनजी श्मशान में अंतिम संस्कार किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि अंतिम संस्कार का प्रबंध करने वाली निगमबोध घाट संचालन समिति ने अंतिम संस्कार में कुछ घंटे की देरी की और कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर निर्देश मांगने के लिये निगम के अधिकारियों से संपर्क किया। समिति की सदस्य सुमन गुप्ता ने कहा, ”दुनियाभर में हालात संवेदनशील है। हमें अंतिम संस्कार से पहले एमसीडी और चिकित्सा अधिकारियों के निर्देश चाहिये थे। उन्होंने हमसे कहा कि अधिकारियों की निगरानी में सीएनजी का इस्तेमाल कर अंतिम संस्कार किया जाएगा।”
राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती महिला की मौत शुक्रवार को हुई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि की थी। यह भारत में कोरोना वायरस से हुई मौत का दूसरा मामला था।
अधिकारियों ने बताया था कि महिला की मौत एक से ज्यादा बीमारियों (मधुमेह और उच्च रक्तचाप) की वजह से हुई है। हालांकि, उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि भी हुई है। इस रोग से पहली मौत कर्नाटक के कलबुर्गी में 76 वर्षीय पुरुष की हुई थी। उनकी मौत मंगलवार को हुई थी लेकिन उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि गुरुवार को हुई थी।