चीन से शुरू हुए कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर भारत में भी फैल चुका है। इस वायरस के फैलाव को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के तरफ से अनेक एहतियात कदम बरते जा रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के मद्देनजर 23 मार्च को सुबह छह बजे से राजधानी में लॉकडाउन की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद सोमवार यानि आज सुबह से दिल्ली में लॉकडाउन की स्थिति कायम है।
बता दें कि रविवार को मुख्यमंत्री ने राज्यपाल अनिल बैजल के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि 23 मार्च को सुबह 6 बजे से शुरू हुए लॉकडाउन 31 मार्च को अर्द्धरात्रि 12 बजे तक चलेगा। लॉकडाउन में सार्वजनिक परिवहन का कोई साधन नहीं चलेगा और दिल्ली की सीमाओं को सील कर दिया जाएगा लेकिन स्वास्थ्य, खानपान, जल और विद्युत आपूर्ति आदि से संबंधित आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुग्ध उत्पाद की दुकानें, किराना दुकानें, दवा की दुकानें और पेट्रोल पंप खुले रहेंगे, वहीं जरूरी सेवाओं से जुड़े सभी लोगों को इस दौरान आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
देश में 400 के करीब पहुंचा कोरोना के मरीजों का आंकड़ा, कई राज्य बंद
वहीं कोरोना के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो, लखनऊ मेट्रो, नोएडा मेट्रो, कोलकाता मेट्रो, कोच्चि मेट्रो, बेंगलुरु मेट्रो की सेवाएं 31 मार्च तक बंद करने का निर्णय लिया गया है। कोरोना वायरस ने दुनिया भर में महामारी का रूप ले चुका है। इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। कोरोना के चपेट में आने से भारत भी नहीं बच पाया। देश में संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को भारत में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 396 हो चुका है। वहीं अब तक इस वायरस से 7 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 30 हो गई है।