राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के हालात बेकाबू होते जा रहा हैं। महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार नियमों को सख्त करती जा रही है। दिल्ली में आज रात 10:00 बजे से लेकर सोमवार सुबह 6:00 बजे तक वीकेंड कर्फ्यू का एलान किया जा चुका है। इस बीच दिल्ली में स्थित कुतुब मीनार, लाल किला समेत एएसआई के सभी राष्ट्रीय स्मारकों को 15 मई तक के लिए बंद कर दिया गया है।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते कहर के बीच चिड़ियाघर भी तीन दिन तक बंद रहेगा। चिड़ियाघर में शुक्रवार को सप्ताहिक अवकाश होता है। वहीं वीकेंड लॉकडाउन के कारण परिसर को शनिवार और रविवार को बंद रखा जाएगा। 2020 में चिड़ियाघर एक साल से अधिक समय तक बंद रहा था। 1 अप्रैल को एक बार फिर पर्यटकों के लिए इसे खोला गया था।
डॉ. हर्षवर्धन ने AIIMS का किया दौरा, कहा- कोरोना जंग जीतने के लिए किसी चीज की नहीं है कमी
आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ़ इंडिया (एएसआई) ने शुक्रवार को जारी निर्देशों में कहा, कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राष्ट्रीय स्मारकों, स्थलों, म्यूजियमों को तत्काल प्रभाव से 15 मई तक के लिए बंद किया गया है। अगले आदेश तक स्मारकों पर पर्यटकों की आवाजाही बंद रहेगी।
दिल्ली में गुरुवार को कोविड-19 के 16,699 नए मामले आए और संक्रमण के कारण 112 मौतें हुईं। राष्ट्रीय राजधानी में एक दिन पहले संक्रमण के 17,282 नए मामले सामने आए थे, जो अब तक के सर्वाधिक मामले हैं। पिछले कुछ दिनों से मामले काफी बढ़ रहे हैं।