पूर्वी दिल्ली : यमुनापार में बदमाश महिलाओं को अपना निशाना बना रहे हैं। हाल ही में अलग-अलग इलाकों से चार महिलाओं से लूट व झपटमारी के मामले सामने आए हैं। कल्याणपुरी इलाके में बदमाशों ने एक महिला का गला घोंटकर बेहोश कर दिया और उनका पर्स व मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
शास्त्री पार्क में बदमाशों ने चलते ऑटो से नीचें फेंक दिया। न्यू अशोक नगर इलाके में बदमाशों ने महिला की सोने की चेन झपटी ली, जबकि जीटीबी एंक्लेव इलाके में बदमाश महिला का फोन झपटकर फरार हो गए। चारों थानों की पुलिस ने पीड़िताओं के बयान पर केस दर्ज कर लिया है।
पहली घटना : मामला कल्याणपुरी : बदमाशों ने ईस्ट विनोद नगर निवासी सतेंद्र कौर को अपना निशाना बनाया। वह गुरुग्राम स्थित एक फाइनेंस कंपनी में काम करती हैं। गुरुवार शाम साढ़े चार बजे वह ऑफिस की कैब से पूर्वी विनोद नगर के गुरुद्वारे के पास उतरी। वह घर की तरह जा रही थीं तभी दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। महिला अपने घर पहुंचने वाली ही थी, उससे चंद कदम पहले दोनों बदमाशों ने पीछे से हाथों से उनका गला घोंट दिया। गला घुटने से महिला बेहोश होकर गली में ही गिर गई।
इसके बाद एक बदमाश उनके गली की सोने की चेन तोड़कर ले गया और दूसरा उनका आई फोन व पर्स ले गया। पर्स में नकदी, एटीएम व ऑफिस कार्ड व अन्य जरूरी कागज थे। बदमाशों ने जब वारदात को अंजाम दिया तब गली के दो छोटे बच्चे ट्यूशन के लिए जा रहे थे। वो इस नजारे को देखकर बुरी तरह से सहम गए। कुछ ही देर में महिला को होश आ गया। उसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी।
दूसरी घटना : मामला शास्त्री पार्क : बदमाशों ने दयालपुर निवासी संजना को अपना निशाना बनाया। बुधवार शाम सात बजे वह आनंद विहार से ऑटो लेकर कश्मीरी गेट पर किसी काम से जा रही थी। जैसे ही वह शास्त्री पार्क रेड लाइट के पास पहुंची, ऑटो चालक ऑटो को सर्विस रोड से ले जाने लगा। इस पर संजना ने चालक का विरोध किया। हालांकि चालक ने सुनसान जगह पर ऑटो को रोक लिया। इसके बाद बदमाश संजना से उसका फोन व पर्स छीनने लगा।
फोन व पर्स छीनने के बाद बदमाश ने संजना को ऑटो से खींचकर नीचे गिरा दिया और मौके से फरार हो गया। संजना ने पुलिस को बताया कि बदमाश ने उनके दो फोन और पर्स लूट लिया। पर्स में तीन हजार रुपये नकदी, पैन कार्ड, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड समेत जरूरी कागजात रखे थे। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। वहीं युवती से धक्का मुक्की के दौरान बदमाश का फोन गिर गया। बदमाश अपना फोन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस को संजना ने फोन सौंप दिया है।
तीसरी घटना : मामला न्यू अशोक नगर : घर से नोएडा स्थित अपने ऑफिस जा रही शशि देवी को बदमाशों ने टारगेट किया। दोपहर के डेढ़ बज रहे थे। महिला इस बीच जैसे ही ईस्ट एंड अपार्टमेंट के पास पहुंची थी, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन तोड़ ली और फरार हो गए। महिला ने दोनों बदमाशों की उम्र करीब 25 वर्ष बताई है।
चौथी घटना : मामला जीटीबी एंक्लेव : एक बदमाश ने जीटीबी अस्पताल में अपने बच्चे को टीका लगवाने आई पूजा को टारगेट किया। वह दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल पहुंची थीं। लौटते समय वह जैसे ही बाहर आकर ई-रिक्शा में सवार हुई तभी एक बदमाश उनके हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गया। इसके बाद पूजा ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।