अंतिम समय में टली MCD चुनाव की तारीखों की घोषणा, केजरीवाल बोले- ‘भाजपा ने हार मानी’

Summary :

दिल्ली में तीन नगर निगमों के लिए चुनाव की तारीखों की घोषणा अगले कुछ दिनों में किए जाने की संभावना है। निर्वाचन अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली में तीन नगर निगमों के लिए चुनाव की तारीखों की घोषणा अगले कुछ दिनों में किए जाने की संभावना है। निर्वाचन अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। 
इसलिए मैं अभी तारीखों की घोषणा करने में समर्थ नहीं हूं 
दिल्ली के राज्य निर्वाचन आयुक्त (एसईसी) एस के श्रीवास्तव ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मुझे शाम 4.30 बजे केंद्र सरकार से कुछ संदेश मिला है, इसलिए मैं अभी तारीखों की घोषणा करने में समर्थ नहीं हूं।’’ इससे पहले, एसईसी शाम पांच बजे संवाददाता सम्मेलन के दौरान तारीखों की घोषणा करने वाले थे। उन्होंने कहा, ‘‘हम तारीखों की घोषणा करने वाले थे, लेकिन अब उन्हें घोषित करने में 5-7 दिन और लगेंगे, हमें 18 मई से पहले चुनाव कराने है।’’ 

हो सकता है कि वे तीनों निगमों को फिर से मिला दें 
श्रीवास्तव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सरकार शायद ‘एमसीडी का पुनर्गठन’ करना चाहती है। हो सकता है कि वे तीनों निगमों को फिर से मिला दें, इसलिए हमें इस पर विचार करना होगा और फिर एमसीडी चुनाव की तारीखों की घोषणा करनी होगी। हम उनकी सलाह पर गौर करेंगे।’’ श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘अगर तीनों निगम एक हो जाते हैं तो हमें उसी के अनुसार फैसला करना होगा। हम इस मुद्दे पर कानूनी राय ले रहे हैं।’’ उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली नगर निगमों में प्रत्येक में 104 वार्ड हैं। पूर्वी दिल्ली नगर निगम में 64 वार्ड हैं। 
भाजपा पर भड़के केजरीवाल, ट्वीट कर कही ये बात  

चुनाव आयोग की इस घोषणा के बाद केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, “बीजेपी भाग गई। MCD चुनाव टाल दिया, हार मान ली। दिल्ली वाले खूब ग़ुस्सा हैं। कह रहे हैं इनकी हिम्मत,  कि चुनाव ना करायें? अब इनकी जमानत जब्त कराएंगे। हमारे सर्वे में अभी 272 में से 250 सीट आ रहीं थीं। अब 260 से ज़्यादा आएंगी, पर चुनाव आयोग को बीजेपी के दबाव में नहीं आना चाहिए था।” 

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, “क्या केंद्र सरकार किसी चुनाव को टालने या रद्द करने के लिए किसी चुनाव आयोग को “निर्देश” दे सकती है? किस प्रावधान के तहत? क्या ये “दिशानिर्देश” चुनाव आयोग पर बाध्यकारी हैं? चुनाव आयोग दबाव में क्यों झुक रहा है? मोदी जी अब इस देश में चुनाव भी नहीं कराएंगे?”

Desk Team