देहरादून : गति फाउंडेशन द्वारा दीपावली से 2 दिन पहले शुरू किया गया वायु प्रदूषण मापने का अभियान कल समाप्त हो गया है। अभियान के दौरान रोज रात 8ः30 बजे से 10ः30 बजे तक शहर के विभिन्न स्थानों पर एक खास मशीन के जरिए पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर मापा गया। गति फाउंडेशन के सह संस्थापक आशुतोष कंडवाल ने बताया कि दीपावली के 2 दिन पहले शहर के 5 स्थानों पर वायु प्रदूषण का स्तर मापा गया, जबकि दीपावली और उसके 2 दिन बाद इसमें 5 अन्य स्थानों को भी जोड़ा गया। कुल मिलाकर इस अभियान के दौरान 10 स्थानों पर वायु प्रदूषण का स्तर मापा गया।
गति फाउंडेशन के सह संस्थापक आशुतोष कंडवाल के अनुसार दिवाली के 2 दिन पहले तक वायु प्रदूषण का स्तर सामान्य से डेढ़ गुना से ढ़ाई गुना ज्यादा था। दीपावली की रात यह खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। इस रात शहर के 10 स्थानों पर वायु प्रदूषण सामान्य से 10 से 15 गुना ज्यादा दर्ज किया गया। दीपावली के बाद धीरे-धीरे प्रदूषण का स्तर कम हुआ, लेकिन यह अभी भी सामान्य से दो से ढाई गुना तक ज्यादा है। गति फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है कि दीपावली के बाद प्रदूषण के स्तर में कमी आना थोड़ा सा संतोषजनक है। लेकिन, सर्दी के दिनों में यह सिलसिला फिर बढ़ सकता है।
उनका कहना है कि ठंड बढ़ने के साथ ही वायु प्रदूषण की स्थिति बिगड़ने लगती है। शहर में लगातार कूड़ा जलाए जाने के कारण यह स्थिति ठंड के दिनों के लिए ज्यादा गंभीर है। इसके अलावा शादियों के सीजन और न्यू ईयर के नाम पर भी शहर में बड़े पैमाने पर आतिशबाजी की जाती है, जो वायु प्रदूषण को फिर से खतरनाक स्तर तक पहुंचा सकती है।