दिल्ली में आज सुबह कोहरा कम रहा वहीं ठंड भी कम होती नज़र आ रही है। कल दिन में अच्छी धूप खिली और हवा की धीमी गति के कारण प्रदूषण के स्तर में कुछ इजाफा हुआ है। सिस्टम ऑफ़ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च के अनुसार दिल्ली की समग्र वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में, समग्र AQI 305 पर पहुंच गया है ।
दिल्ली में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। वहीं आज भी तापमान में एक बार फिर से गिरावट आने की संभावना है। शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ठंड से हल्की राहत मिलने की संभावना है। वहीं आगामी 4 और 5 फरवरी को बारिश होने की संभावना है। जनवरी का महीना खत्म होते-होते सर्दी भी जाना शुरू हो जाती है। मगर इस बार अभी तक ऐसा नहीं दिखाई दे रहा है। पिछले कुछ दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। जनवरी के अंत में भी न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है, जबकि अमूमन इन दिनों सामान्य न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रहता है।
तापमान कम होने के चलते अभी भी ठिठुरन बनी हुई है। शनिवार को राजधानी का सबसे कम न्यूनतम तापमान जबलपुर में 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि लोधी रोड पर 4.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। स्काईमेट वेदर के प्रमुख मौसम विज्ञानी महेश पालावत के अनुसार रविवार को दिल्ली वासियों को शीतलहर का सितम और झेलना पड़ेगा।