देश में लगातार तबाही मचा रहे चक्रवाती तूफान तौकते का असर राजधानी दिल्ली में दिख रहा है। प्रचंड गर्मी वाले मई के महीने में सावन के महीने का एहसास हो रहा है। कल से दिल्ली में दिनभर बारिश की फुहारें और ठंडी हवाएं चल रहीं हैं। दिन का तापमान सामान्य से 11 डिग्री नीचे खिसक गया। अभी इसमें और गिरावट आने का आसार है क्योंकि अभी गुरुवार को भी तौकते चक्रवात का असर रहेगा। शुक्रवार को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम में बदलाव पिछले 3 दिनों से बना हुआ है। तौकते तूफान के कारण आसमान में बादलों का जमावड़ा बना रहा।
गुजरात व महाराष्ट्र से लगभग 1 हजार किलोमीटर दूर तक पहुंचने में तूफान तो कमजोर हो गया, लेकिन हवा का कम दबाव बना रहा। बुधवार को सुबह से बारिश शुरू हुई तो दिनभर चलती ही रही। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश से पारा लुढ़क गया। निजी अंतरराष्ट्रीय मौसम वेबसाइटों पर तो दोपहर में दिन का तापमान 22 डिग्री के करीब दिखा रहा था। इससे लोगों को अपने घरों में एसी, कूलर व पंखा तक बंद करना पड़ गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को दिल्ली में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया।
आईएमडी ने कहा कि चक्रवाती तूफान ‘तौकते’ के अवशेष और पश्चिमी विक्षोभ के सम्पर्क के कारण ‘‘कुछ इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश हुई है।’’ गौरतलब है कि 15 मिमी से कम बारिश को ‘हल्की’, 15 मिमी से 64.5 मिमी के बीच को ‘मध्यम’, 64.5 मिमी से 115.5 मिमी के बीच ‘भारी’, 115.5 मिमी से 204.4 मिमी के भी ‘बेहद भारी’ श्रेणी में माना जाता है। 204.4 मिमी से अधिक बारिश को ‘बेहद भारी बारिश’ श्रेणी में माना जाता है। आईएमडी ने कहा कि गुरुवार को बारिश के थोड़ा कम होने का अनुमान है।
आईएमडी के अनुसार, बारिश और तेज हवाओं के चलते बुधवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, पिछले 4 साल में मई में दर्ज किया गया यह सबसे कम अधिकतम तापमान है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह 8 बजकर 5 मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 84 रहा और दिल्ली की हवा की गुणवत्ता ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में दर्ज की गयी। एक्यूआई को शून्य और 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।


Download Android App
Download iOS App



