देश की राजधाना दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच, राज्य के तीन नगर निकायों के माहापौर और उप महापौर के चुनाव के लिए 24 जून को मतदान होगा। शुक्रवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ऐसा संभवतः पहली बार हो रहा है कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौरों का चुनाव एक ही दिन होगा।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को 2012 में उत्तरी, दक्षिणी और पूर्वी दिल्ली में विभाजित किया गया था। एक वरिष्ठ निकाय अधिकारी ने कहा, “तीनों नगर निगम के महापौर के चुनाव के लिए 24 जून को मतदान होगा। दक्षिणी दिल्ली के महापौर के लिए मतदान सुबह होगा, उत्तरी दिल्ली के महापौर के लिए मतदान दोपहर में होगा और उसके बाद पूर्वी दिल्ली के महापौर के लिए मतदान होगा। इस दौरान सभी सुरक्षा नियमों का पालन कराया जाएगा।”
वर्तमान में दिल्ली के तीनों नगर निगम पर भाजपा का कब्जा है। इस वर्ष कोरोना वायरस महामारी के कारण चुनाव देर से हो रहे हैं। बता दें, कोरोना महामारी के चलते दिल्ली के तीन नगर निगम के महापौर और उप महापौर के चुनाव लंबित पड़े थे। ज्ञात हो कि अप्रैल में होने वाली प्रथम बैठक में महापौर और उप महापौर के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाती है। मगर लॉकडाउन के चलते यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। चूंकि अब अनलॉक-1 लागू हो गया है, ऐसे में चुनाव प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
मालूम हो कि पूर्वी दिल्ली में फिलहाल अंजू कमलकांत महापौर हैं तो वहीं उत्तरी दिल्ली में अवतार सिंह और दक्षिणी दिल्ली नगर निगत में सुनीता कांगड़ा महापौर हैं। बता दें कि दिल्ली में नगर निगम में हर साल महापौर-उपमहापौर का चुनाव होता है।