राजधानी दिल्ली में शराब प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर है। दिल्ली सरकार ने कोरोना काल में बंद हुए होटल और रेस्टोरेंट्स में एक बार फिर शराब परोसने की अनुमति दे दी है। डीडीएमए द्वारा होटल और रेस्तरां खोले जाने की स्वीकृति दिए जाने के एक दिन बाद सरकार ने गुरुवार को मंजूरी जारी करने का निर्देश दिया।
कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए लगाये गये लॉकडाउन के कारण बीते मार्च से शहर में होटल और रेस्तरां बंद थे।उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आबकारी आयुक्त को एक पत्र में विभाग को टेबल और होटल के कमरों में लाइसेंसधारियों द्वारा रेस्तरां और क्लबों में शराब परोसने के लिए आवश्यक अनुमति जारी करने का निर्देश दिया।
सिसोदिया ने कहा कि ‘बार’ केंद्रीय गृह मंत्रालय के ‘अनलॉक’ दिशा-निर्देशों के प्रावधानों के तहत बंद रहेंगे। डीडीएमए ने बुधवार को शहर में होटल और साप्ताहिक बाजारों को खोलने की मंजूरी दे दी, हालांकि अभी जिम खोलने की स्वीकृति नहीं दी गयी है।
इस कदम से कोरोना वायरस महामारी तथा कई दिन तक लॉकडाउन से प्रभावित दिल्ली की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने में मदद मिल सकती है। शहर में खुदरा दुकानों से शराब की बिक्री की अनुमति मई में दी गई थी।


Download Android App
Download iOS App



