कोरोना वायरस को लेकर देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को आने जाने की सुविधा प्रदान कर रहे सार्वजनिक परिवहन की बसों के कर्मचारियों को दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को मास्क एवं हैंड सैनिटाइजर दिए गए हैं। लॉकडाउन के दौरान देश में सिर्फ उन लोगों को घरों से निकलने की इजाजत है जो जरूरी सेवाओं से जुड़े हुए हैं।
All DTC and Cluster Bus Drivers, Conductors and Marshals have been provided with Mask and Hand Sanitisers. I am proud of you all. Doing a wonderful job in these difficult times by transporting people involved in essential services. pic.twitter.com/xLCsmEmSZY
— Kailash Gahlot (@kgahlot) March 27, 2020
दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘डीटीसी और कलस्टर सेवा की सभी बसों में चालकों, संचालकों और मार्शलों को मास्क एवं सैनिटाइजर प्रदान किए गए हैं। मुझे आप सभी पर गर्व है। आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को आने-जाने की सुविधा प्रदान कर इस मुश्किल घड़ी में आप शानदार कार्य कर रहे हैं।’’
बता दें कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के प्रयास के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 दिनों की राष्ट्रव्यापी बंद की घोषणा की थी, फलस्वरूप डीटीसी और कलस्टर सेवा की बसों को छोड़कर दिल्ली मेट्रो, ट्रेन, टैक्सियां, ऑटोरिक्शा और ई-रिक्शा समेत सभी प्रकार के परिवहन के साधन फिलहाल बंद हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गहलोत के ट्वीट को रिट्वीट किया एवं आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों की प्रशंसा करते हुए लिखा, ‘‘मुझे उन सभी दिल्लीवासियों पर गर्व है जो इस बंद के दौरान जरूरी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उनकी सुरक्षा हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।’’
इस सप्ताह के प्रारंभ में केजरीवाल ने 31 मार्च तक बंद की घोषणा की थी और बस 25 फीसदी डीटीसी एवं कलस्टर बसों को छोड़कर सार्वजनिक परिवहन के सभी साधनों पर रोक लगा दी थी। यह छूट जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को लाने-ले जाने के लिए दी गयी थी। लेकिन जब इन कम बसों में भीड़ और अन्य समस्याएं होने लगी तब उनकी संख्या बढ़ाकर 50 फीसदी कर दी गयी।