नई दिल्ली : शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, जल, पर्यटन, अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन और आईटी समाधान के क्षेत्रों में परस्पर सहयोग बढ़ाने के लिए इस वर्ष अक्तूबर के अंतिम सप्ताह या नवंबर के दूसरे सप्ताह में तीन दिन का ट्विन सिटी फेस्टिवल मास्को डेज का आयोजन किया जाएगा। ऐसा ही आयोजन मॉस्को में भी दिल्ली डेज के नाम से किया जाएगा।
इसे लेकर शुक्रवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मॉस्को सरकार के मंत्री सर्गेई चेरामिन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और दोनों शहरों के बीच सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा की। इस अवसर पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि इस बार वह एक वर्ष में यह तीसरी बार मिले हैं।
मॉस्को की परिवहन प्रणाली दुनिया में सर्वश्रेष्ठ में से एक है और दिल्ली सरकार इसे सीखने के लिए उत्सुक है। दिल्ली को अधिक से अधिक एमएसएमई की जरूरत है, क्योंकि वे नौकरियों और अर्थव्यवस्था का भविष्य हैं। तीन दिनों तक चलने वाले मॉस्को डेज में रूसी भोजन और व्यंजन भी प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजन की जिम्मेदारी डीटीडीसी को सौंपा गया है।
इस पर चेरामिन ने बताया कि इन आयोजनों से दिल्ली और मॉस्को के लोगों को एक-दूसरे को सांस्कृतिक रूप से समझने में फायदा होगा। इसके साथ ही उन्होंने इस साल की दूसरी छमाही में आयोजित होने वाले मॉस्को अर्बन फोरम, फोरम फॉर एजुकेशन एंड इकोनॉमिक फोरम में दिल्ली सरकार को भागीदारी के लिए आमंत्रित किया।
साथ ही उन्होंने भारत और रूस के पूर्व शतरंज चैंपियन के बीच दोस्ताना मैचों जैसे खेल कार्यक्रमों के आयोजन में भी रुचि व्यक्त की। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन, और दिल्ली के मुख्य सचिव विजय देव भी बैठक में शामिल हुए।