दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। एक दिन पहले ही उनको तेज बुखार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था । एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मंत्री को मंगलवार तड़के राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (आरजीएसएसएच) में भर्ती किया गया था और सुबह में कोरोना वायरस संक्रमण की जांच की गयी, लेकिन इसमें संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘उनको अब भी बुखार है। पहली जांच के 24 घंटे बाद आज फिर से जांच की गयी । ’’ अधिकारी ने बताया कि इस बार की जांच में वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए । आरजीएसएसएच के डॉक्टरों ने कहा कि उनकी हालत ‘‘स्थिर’’ है लेकिन उनको एक बार फिर ऑक्सजीन सपोर्ट पर रखा गया है।
इससे पहले आज ही आम आदमी पार्टी (आप) की कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक आतिशी मार्लेना कोविड-19 से संक्रमित पाई गई हैं। आतिशी ने बताया कि 16 जून को उन्होंने सर्दी-खांसी के लक्षण नजर आने के बाद कोरोना टेस्ट कराया था। उसकी रिपोर्ट आज 17 जून को पॉजिटिव आई है।
फिलहाल आतिशी को हल्के लक्षण हैं और उन्होंने ख़ुद को अपने घर में क्वारंटाइन कर लिया है। दरअसल, आतिशी कोरोना के मामलों को लेकर हेल्थ डिपार्टमेंट के साथ काम कर रहीं थीं। 11 जून को हेल्थ डिपार्टमेंट के एक अधिकारी को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिसके बाद 11 जून को ही आतिशी ने खुद को होम आइसोलेट कर लिया था।


Download Android App
Download iOS App



