देश की राजधानी दिल्ली इस वक्त ऑक्सीजन की भारी किल्लत से जूझ रही है। कई अस्पतालों में कुछ घंटों का ऑक्सीजन स्टॉक है, जबकि कुछ जगह पर अंतिम वक्त में ऑक्सीजन पहुंचा है। दिल्ली के कई अस्पतालों द्वारा सरकार के सामने जल्द से जल्द ऑक्सीजन पहुंचाने की गुहार लगाई जा रही है।
दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में ऑक्सीजन संकट के बीच शुक्रवार सुबह अस्पताल को ऑक्सीजन की नई खेप प्राप्त हुई। अस्पताल के अधिकारी ने कहा कि आईनॉक्स द्वारा ऑक्सीजन से भरा एक ट्रक शुक्रवार सुबह लगभग 9.30 बजे यहां पहुंचा। अस्पताल को बीती रात 12.30 बजे से एक बजे के बीच ऑक्सीजन की आपूर्ति प्राप्त हुई थी।
अस्पतालों के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 25 कोविड -19 रोगियों की मृत्यु हो गई है। अस्पताल में लगभग 500 कोविद मरीज भर्ती हैं और उनमें से 140 ऑक्सीजन के सहारे हैं। सर गंगा राम अस्पताल ने शुक्रवार की सुबह एक बयान में कहा, “वेंटिलेटर और बीपैप प्रभावी रूप से काम नहीं कर रहे हैं। आईसीयू और ईडी में मैनुअल वेंटिलेशन की आवश्यकता है। बड़े संकट की संभावना है , 60 से अधिक बीमार मरीजों की जिंदगी संकट में, तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता।”
मैक्स ने की थी ऑक्सीजन की किल्लत की शिकायत
दिल्ली के ही मैक्स अस्पताल द्वारा शुक्रवार सुबह ही ट्वीट कर जानकारी दी गई कि उनके अस्पताल में ऑक्सीजन की किल्लत है। ट्वीट में कहा गया कि मैक्स अस्पताल साकेत में कुछ घंटों का ऑक्सीजन बचा है, ऐसे में तुरंत ही सप्लाई की जरूरत है। हालांकि, सुबह दस बजे के करीब मैक्स साकेत अस्पताल को ऑक्सीजन की सप्लाई मुहैया कराई गई। अभी मैक्स के पास तीन घंटे की ऑक्सीजन सप्लाई पहुंच गई है।
डीसीपी साउथ दिल्ली का कहना है कि मैक्स को ऑक्सीजन मिल गया है, एक और वाहन ऑक्सीजन लेकर जल्द पहुंच रहा है। मैक्स का कहना है कि उन्हें 2 MT ऑक्सीजन मिल गया है। जो दो अलग-अलग अस्पतालों में इस्तेमाल हो रहा है। दोनों अस्पतालों में कुल मरीजों की संख्या 700 हैं, इनमें से 550 कोविड मरीज हैं।
आपको बता दें कि दिल्ली के कई अस्पतालों में बीते दिनों से ही ऑक्सीजन का संकट है। दिल्ली सरकार ने केंद्र से गुहार लगाई है, केंद्र ने कोटा भी बढ़ा दिया है। लेकिन हालात बदतर ही होते जा रहे हैं, क्योंकि ऑक्सीजन सप्लाई में भी वक्त लग रहा है। दिल्ली के कुछ अस्पतालों को ऑक्सीजन सप्लाई की मांग के लिए हाईकोर्ट का रुख करना पड़ा।