हाथरस गैंगरेप पीड़िता की मौत के बाद देशभर में आक्रोश मौजूद है। घटना को लेकर उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दोषी के लिए सख्त सजा की मांग करते हुए दिल्ली महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विजय चौक के पास प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन और हिरासत में लिए जाने का वीडियो भी ट्विटर पर ट्वीट किया। हिरासत में ली गईं कार्यकर्ताओं में दिल्ली महिला प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्ष अमृता धवन भी शामिल हैं। हिरासत में लिए जाने के बाद एक कार्यकर्ता ने कहा, हाथरस में एक दलित बेटी की बलात्कार के बाद मौत हो गई है, हमने कोई आंदोलन नहीं किया और न ही कोई नारे बाज़ी की, उसके बाद भी पुलिस ने हमें हिरासत में ले लिया। उन्होंने पुलिस पर बिके होने और लोकतंत्र ह्त्या करने का भी आरोप भी लगाया।
सफदरजंग अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे भीम आर्मी के कार्यकर्ता
गैंगरेप के बाद दलित पीड़िता की मौत के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं के साथ भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद भी धरने पर बैठे। उन्होंने सड़क अवरुद्ध कर हत्यारों को फांसी देने की मांग करते हुए जमकर प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि हाथरस जिले के चंदपा थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में 14 सितंबर को 19 साल की एक दलित लड़की के साथ कथित तौर पर गैंगरेप की वारदात हुई थी। दो हफ्तों तक जिंदगी और मौत के बीच झूलती रही गैंगरेप पीड़िता ने मंगलवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हार मान ली। दरिंदो ने पीड़िता की जीभ काटकर रीढ़ की हड्डी तोड़ दी थी।