कोरोना प्रसार को रोकने के लिए मार्च में लगाए गए लॉकडाउन से दिल्ली मेट्रो का परिचालन थप पड़ा हुआ। एक सितंबर से शुरू होने वाले कोरोना अनलॉक-4 में दिल्ली मेट्रो सेवा के फिर से शुरू करने की अनुमति दी जा सकती है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने भी परिचालन बहाल करने की तैयारी कर ली है।
सोमवार को अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिकअनलॉक-4 में कुछ प्रावधानों के तहत सरकार मेट्रो सेवाओं को संचालित करने की अनुमति दे सकती है। लेकिन स्कूलों और कॉलेजों के निकट भविष्य में खुलने की कोई संभावना नहीं है।
बार को भी अपने काउंटर पर शराब बेचने की अनुमति दी जा सकती है लेकिन यह इजाजत ग्राहकों द्वारा उसे घर लाने के लिए होगी। दिल्ली सरकार ने हाल में ही होटल और रेस्टोरेंट खोलने की अनुमति दी है, लेकिन अब तक बारों को खोलने की अनुमति नहीं दी गई।
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए मार्च में मेट्रो सेवाएं निलंबित कर दी गयी थी। रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने व्यापारियों के साथ संवाद में दिल्ली मेट्रो चलाने को लेकर चर्चा की थी। उन्होंने कहा था कि दिल्ली मेट्रो की सेवा प्रायोगिक आधार पर बहाल होनी चाहिए क्योंकि शहर में कोविड-19 की स्थिति ठीक हो रही है।