कोरोना के चलते पूरी तरह सील हुआ दिल्ली-नोएडा बॉर्डर, सिर्फ जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को छूट

Summary :

देश में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसी बीच इससे निपटने के लिए दिल्ली-नोएडा बॉर्डर को भी पूरी तरह सील कर दिया गया है।

देश में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसी बीच इससे निपटने के लिए दिल्ली-नोएडा बॉर्डर को भी पूरी तरह सील कर दिया गया है। गौतमबुद्ध नगर के डीएम ने यह आदेश जारी किया। डीएम ने ट्वीट कर कहा, कि जनता के व्यापक हित और कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में एक उपाय के तौर पर स्वास्थ्य विभाग की सलाह के अनुसार हम दिल्ली-नोएडा बॉर्डर को पूरी तरह सील कर रहे हैं।

उन्होंने लोगों से सहयोग करने, घर में रहने की अपील की है। जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से इस आशय का आदेश जारी भी कर दिया गया है। अग्रिम आदेश तक दिल्ली-नोएडा के बीच आवाजाही को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इसमें सिर्फ उन्हीं अधिकारियों या कर्मचारियों को आने-जाने की इजाजत होगी जो कोविड-19 की सेवाओं में सीधे तौर पर कार्यरत हैं और उनके पास उत्तर प्रदेश सरकार या दिल्ली सरकार की तरफ से जारी वैलिड पास हो।
डीएम के आदेश के अनुसार मीडियाकर्मियों को भी पास की जरूरत होगी. इसके अलावा विशेषज्ञ चिकित्सक जिनकी सूची नोएडा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पास उपलब्ध है सिर्फ उन्हें ही आने-जाने की इजाजत होगी। यह आदेश राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा के अनुसार जारी किया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर जरूरी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। 

Desk Team