दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान लाल किला हिंसा के आरोप में वांछित गुरजोत सिंह को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल के एक अधिकारी ने आज बताया कि गुरजोत सिंह को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया गया है। गणतंत्र दिवस के दिन किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान लाल किला पर झंडा फहराने के आरोप में यह फरार चल रहा था। दिल्ली पुलिस ने गुरजोत की गिरफ्तारी पर 1 लाख रुपये का इनाम रखा था।
गौरतलब है कि इस वर्ष 26 जनवरी को केंद्र के 3 नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शनकारी किसानों की ट्रैक्टर परेड में किसानों और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी। किसान लाल किले में घुस गए थे और उन्होंने अनेक पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया था। मामले की जांच अपराध शाखा कर रही है। उसने 17 मई को 3,224 पन्नों का आरोप-पत्र दायर किया था और सिद्धू समेत 16 आरोपियों के खिलाफ मामला चलाने का अनुरोध किया था।
बता दें कि 26 जनवरी को हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी किसान अवरोधकों को तोड़ कर राष्ट्रीय राजधानी में दाखिल हो गए थे और आईटीओ सहित अन्य स्थानों पर उनकी पुलिस कर्मियों से झड़पें हुई थीं। कई प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर चलाते हुए लाल किला पहुंच गए और ऐतिहासिक स्मारक में प्रवेश कर गए तथा उसकी प्राचीर पर एक धार्मिक झंडा लगा दिया। इस हिंसा में 500 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे, जबकि एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी।