देश की राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके में गुरुवार सुबह पुलिस की कपिल सांगवान गिरोह के एक 25 वर्षीय बदमाश के साथ मुठभेड़ हुई जिसमें पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हरियाणा के झज्जर जिले के एक गांव के रहने वाले आरोपी सिद्धार्थ उर्फ सोमवीर को दाहिनी जांघ पर गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में हथियार जब्त किए हैं। इस मुठभेड़ की जानकारी पुलिस अधिकारी द्वारा दी गई है।
पुलिस ने बरामद किए 12 पिस्तौल और 47 कारतूस
पुलिस ने बताया कि आरोपी को 12 पिस्तौल और 47 कारतूस के साथ पकड़ा गया। हथियारों की यह खेप कथित तौर पर दिल्ली में गिरोह के सदस्यों को दी जानी थी। प्राथमिक जांच में यह खुलासा हुआ कि, आरोपी कपिल सांगवान के गिरोह का सदस्य है, जो अब विदेश में रहता है। पुलिस उपायुक्त (बाहरी दिल्ली) बृजेंद्र कुमार यादव ने बताया कि, कादीपुर गांव के नाला रोड के समीप जाल बिछाकर उसे रोका गया।
टीम को देखते ही चलादी थी गोली
अधिकारी ने बताया कि, वह मोटरसाइकिल पर सवार था। जैसे ही उसने पुलिस टीम को देखा तो गोली चला दी और भागने लगा। उसे ऐसा करने से रोकने के लिए कर्मियों ने उसके पैरों को निशाना बनाकर गोलियां चलाई, जिसके बाद एक गोली आरोपी की दाहिनी जांघ पर लगी। उन्होंने बताया कि, आरोपी को इलाज के लिए निकट के अस्पताल ले जाया गया और अब वह खतरे से बाहर है।