कोरोना वायरस से दिल्ली पुलिस के सहायक उप निरीक्षक की गुरुवार को मौत हो गई। 53 वर्षीय सहायक उप निरीक्षक जीवन सिंह 21 जून को कोरोना पॉजिटव पाए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि जीवन सिंह दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा के मोटर ट्रांसपोर्ट विभाग में तैनात थे।
पुलिस के अनुसार 23 जून को जीवन सिंह को आईबीएस लाजपत नगर में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि 27 जून को उन्हें गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी प्लाज्मा थेरेपी भी की गई लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं आया।
कोरोना से पिछले दो सप्ताह में हुई मौतों पर CM केजरीवाल ने स्वास्थ्य सचिव से मांगी विश्लेषण रिपोर्ट
पुलिस उपायुक्त (विशेष शाखा) सुमन नालवा ने बताया कि वह वेंटिलेटर पर थे और गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। जीवन सिंह 10 जुलाई 1991 को दिल्ली पुलिस में शामिल हुए थे। पुलिस ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ नोएडा में रह रहे थे।
उनके परिवार में पत्नी (49), एक बेटा (19) और एक बेटी (23) हैं। उनकी बेटी नोएडा में एक निजी कम्पनी में काम करती है। दिल्ली पुलिस के 2,000 कर्मी कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं, जिनमें से 1,300 ठीक होकर दोबारा नौकरी पर भी लौट आए हैं। पुलिस के अनुसार कोविड-19 की वजह से अब तक कम से कम 12 पुलिसकर्मियों की जान गई है।