देश की राजधानी दिल्ली में ड्रग्स के बड़े कारोबार का आज खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने करीब 300 किलो से ज्यादा उम्दा क्वालिटी की हेरोइन बरामद कर इस रैकेट का खुलासा किया है। बाजार में इसकी कीमत 2500 करोड़ रुपए बताई जा रही है। स्पेशल सेल ने छापेमारी की और 4 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन हरियाणा से गिरफ्तार किए गए हैं और एक आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि ढाई हजार करोड़ की ड्रग्स के पीछे नार्को-टेररिज्म फैलाने की मंशा हो सकती है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अधिकारियों ने ड्रग्स रैकेट का खुलासा करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लंबे अरसे से चल रहे इस खतरनाक कारोबार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ड्रग्स के काले कारोबार करने वाले शातिरों को पकड़ने के लिए महीनों से ऑपरेशन चल रहा था।
आज पुलिस की स्पेशल सेल ने 354 किलो बेहद उम्दा क्वालिटी की अफगानिस्तान से आई हेरोइन बरामद की है। साथ ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो पंजाब के रहने वाले हैं, जबकि एक कश्मीर के अनंतनाग का निवासी है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक इतनी बड़ी तादाद में यह ड्रग्स समुद्र के रास्ते कंटेनर्स में छुपाकर लाई गई थी।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी के पास एक फैक्ट्री में इस ड्रग्स को और फाइन क्वालिटी का बनाया जाना था। इसके बाद पंजाब ले जाने की तैयारी थी। पुलिस के मुताबिक फरीदाबाद मे ड्रग्स को छिपाने किराए का मकान लिया गया था। अफगानिस्तान में बैठे शातिर इस ड्रग्स रैकेट का लिंक ऑपरेट कर रहे थे।
बता दें इससे पहले बीते मई महीने में दिल्ली पुलिस ने हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की थी। करीब 125 किलो हेरोइन के साथ दो अफगानिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पति-पत्नी हैं। पश्चिमी जिले की पुलिस को लगातार ड्रग्स तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था।