राष्ट्रीय राजधानी के सफदरजंग एन्क्लेव इलाके में पैसों के लेनदेन को लेकर दिल्ली पुलिस ने कांस्टेबल ने अपनी सर्विस पिस्तौल से अपने ही रिश्तेदार की हत्या कर दी। मृतक वीरेंद्र नंदाल हरियाणा पुलिस में उप-निरीक्षक के पद पर तैनात था, वहीं रिश्ते में आरोपी विक्रम सिंह का साढू था।
अधिकारियों ने रविवार को जानकारी देते हुए कहा कि विक्रम सिंह दिल्ली के ग्रेटर कैलाश थाने में कांस्टेबल के रूप में तैनात है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) गौरव शर्मा ने कहा कि रविवार सुबह सफदरजंग एन्क्लेव के कृष्णा नगर में हुई इस घटना के बारे में करीब आठ बजे सूचना मिली। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो नंदाल मृत मिले। उनके सिर में गोली के निशान थे।
पुलिस ने कहा कि वीरेंद्र जूड़ो खिलाड़ी और हरियाणा पुलिस में उप-निरीक्षक थे। वह पांच-छह दिन से विक्रम सिंह के साथ उसके घर में रह रहे थे। उन्होंने कहा कि विक्रम ने वीरेंद्र से पैसे लिए थे। वीरेंद्र पैसे लौटाने के लिए कह रहे थे। पुलिस ने कहा कि रविवार सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई और वीरेंद्र ने विक्रम को गाली दी। बाद में विक्रमने अपनी सर्विस पिस्तौल से वीरेंद्र को गोली मार दी।
विक्रम ने वीरेंद्र की हत्या करने के बाद अन्य कमरे में सो रही अपनी पत्नी को इसकी जानकारी दी, जिसने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने कहा कि विक्रम को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पिस्तौल बरामद कर ली गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सफदरजंग अस्पताल में मृतक का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।