दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आज सुबह शकरपुर इलाके में मुठभेड़ के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आतंकियों में से दो पंजाब और तीन कश्मीर के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी इस्लामिक और खालिस्तानी संगठन से जुड़े हुए हैं।
अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से दो लोग पंजाब से जबकि तीन लोग कश्मीर से हैं। पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) प्रमोद सिंह कुशवाह ने कहा, ‘‘हमने मुठभेड़ के बाद पांच लोगों को पकड़ा है। उनके पास से हथियार एवं गोलाबारूद भी बरामद किया गया है।’’
उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ के संबंध आतंकवादी संगठनों से होने की आशंका है जिसकी पुष्टि की जा रही है। मामले में जांच जारी है। सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए पांच में से दो आतंकी तरनतारन में शौर्य चक्र विजेता बलविंदर सिंह संधू की हत्या में शामिल थे। बलविंदर सिंह ने पंजाब में आतंकवाद के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी थी।