दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में सोमवार तड़के दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के साथ मुठभेड़ में दो कथित अपराधी मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ सुबह करीब पांच बजे हुई।
जानकारी के मुताबिक़ पुलिस और बदमाशों के बीच करीब 35 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) पी. एस. कुशवाह ने बताया कि दोनों बदमाश मुठभेड़ में घायल हो गए थे। मुठभेड़ खत्म होने के बाद दोनों बदमाशों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए अपराधियों की पहचान राजा कुरैशी तथा रमेश उर्फ राजू उर्फ बहादुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार ये दोनों व्यक्ति हत्या और लूटपाट के कई मामलों में शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ में ढेर राजा पहलवान विकास कुंज इंद्रपुरी, लोनी, गाजियाबाद का रहने वाला था। जबकि उसका दूसरा मारा गया साथी बदमाश रमेश राजू महालक्ष्मी एन्क्लेव, शिव विहार, करावल नगर दिल्ली में रहता था।
पता चला है कि मारे गये राजा बदमाश के खिलाफ गाजियाबाद के लोनी थाने में हत्या के दो मामले दर्ज थे। इसके अलावा उसके खिलाफ दिल्ली व गाजियाबाद के अन्य थानों में भी कई संगीन वारादातों को अंजाम देने के केस दर्ज थे। गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में उसका आतंक था। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के सूत्रों के मुताबिक, ‘बीती 12 फरवरी को रात करीब 9 बजे राजा पहलवान और रमेश राजू ने दो पुलिसकर्मियों पर ही गोली चला दी थी। एक प्रापर्टी डीलर पर भी उसी वक्त दोनों ने गोलियां चलाई थीं।’
उस घटना के कुछ देर बाद ही दोनों रात करीब 9 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली की सीमा से गाजियाबाद में जा पहुंचे। वहां लोनी में रिजवान नाम के शख्स को गोली मार दी। ढेर हुए बदमाश रमेश राजू के खिलाफ दिल्ली के करावल नगर थाना, सराय रोहिल्ला थाना, और खजूरी खास में कई आपराधिक मामले दर्ज मिले हैं।