किसान आंदोलन के समर्थन में ट्वीट करने वाली पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज किया है। उन पर किसान आंदोलन को लेकर भड़काऊ ट्वीट करने का आरोप लगाया गया है। दिल्ली पुलिस ने ग्रेटा के खिलाफ धारा 120B के तहत आपराधिक साजिश और धारा 153A के तहत लोगों के बीच नफरत फैलाने का मामला दर्ज किया है।
बता दें कि ग्रेटा थनबर्ग दुनिया भर में अपने पर्यावरण प्रेम के लिए मशहूर है। लेकिन भारत के किसान आंदोलन को समर्थन देने के बाद उनका दोहरा चरित्र भी सामने आ गया है। ग्रेटा थनबर्ग ने किसानों के समर्थन में किए गए अपने ट्वीट में भारत की सत्तारूढ़ पार्टी पर सवाल खड़े किए थे। ग्रेटा ने ट्वीट कर कहा था भारत सरकार पर किस तरह दबाव बनाया जा सकता है, इसके लिए उन्होंने अपनी कार्य योजना से संबंधित एक दस्तावेज भी साझा किया, जो भारत विरोधी प्रोपेगेंडा मुहिम की हिस्सा है। इसकी काफी निंदा हुई थी।
किसानों के मसले पर विदेशी हस्तियों के दखल पर विदेश मंत्रालय द्वारा बुधवार को एक बयान जारी किया गया था। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये देखकर दुख हुआ कि कुछ संगठन और लोग अपना एजेंडा थोपने के लिए इस तरह का बयान जारी कर रहे है। किसी भी तरह का कमेंट करने से पहले तथ्यों और परिस्थितियों की जांच करना जरूरी है।