दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद को सामूहिक तौर पर नमाज अदा करने के लिए 4 जुलाई को खोल दिया जाएगा। ज्ञात हो कि 11 जून को, दिल्ली में कोविड-19 के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी के कारण ‘गंभीर’ हालात के मद्देनजर मस्जिद को 30 जून तक के लिए बंद कर दिया गया था। पहली जुलाई से अनलॉक-2 का आगाज होने जा रहा है। इसी के मद्देनजर दिल्ली की जामा मस्जिद भी 4 जुलाई से आम लोगों के खोल दी जाएगी।
मस्जिद को आम लोगों के लिए खोलने का यह फैसला जामा मस्जिद के शाही इमाम ने अन्य वरिष्ठ लोगों के साथ बातचीत करने के बाद लिया है। उन्होंने कहा कि अब मस्जिद में आने वाले लोगों को काफी एहतियात बरतनी होगी। जामा मस्जिद के शाही इमाम सयैद अहमद बुखारी ने बताया, सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक जामा मस्जिद आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी।
वहीं, नाइट कर्फ्यू को देखते हुए रात की नमाज होने के बाद मस्जिद को सुबह तक फिर बंद कर दिया जाएगा। यानी कि मस्जिद में अब 4 वक्त की नमाज लोग अदा कर सकेंगे। मस्जिद में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा। एक नमाजी को दूसरे नमाजी से दूरी बनाकर रखनी होगी। इसके लिए मस्जिद के अंदर निशान भी बनाए गए हैं। नमाज पढ़ने के लिए लोगों को अपने घर से चटाई लेकर आनी होगी। वहीं घर से वुजू भी करके आना होगा। मस्जिद में अब हाथ-मुंह धोने की सुविधा नहीं रहेगी। दरअसल, दिल्ली में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए 11 जून को जामा मस्जिद 30 जून तक के लिए बंद कर दी गई थी।