दिल्ली के तनावपूर्ण इलाके छावनी में तब्दील, सुरक्षा बलों के फ्लैगमार्च के साथ स्पेशल सीपी ने किया दौरा

Summary :

दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में सीएए विरोधियों और समर्थकों में टकराव के बाद फैली हिंसा के बीच जाफराबाद, मौजपुर-बाबरपुर, गोकुलपुरी में पुलिस और अर्धसैनिकबल लगातार फ्लैग मार्च कर रहे हैं।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर क्षेत्र में कई दिनों के हिंसक झड़पों और दहशत के बाद बुधवार को स्थिति सामान्य है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती के साथ इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। 
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एस.एन. श्रीवास्तव वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के लिए इस क्षेत्र में पहुंचे। श्रीवास्तव ने सभी को सुरक्षा का आश्वासन दिया और कहा कि हिंसा के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 
एस.एन. श्रीवास्तव ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया, “स्थिति नियंत्रण में है। आज कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। मैं स्थिति का आकलन कर रहा हूं।”अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (द्वारका) ने भी इलाके का दौरा किया। 
दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में सीएए विरोधियों और समर्थकों में टकराव के बाद फैली हिंसा के बीच जाफराबाद, मौजपुर-बाबरपुर, गोकुलपुरी में पुलिस और अर्धसैनिकबल लगातार फ्लैग मार्च कर रहे हैं। इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व खुद डीसीपी ब्रह्म प्रकाश सूर्या कर रहे हैं। 
इलाके में सभी मेट्रो स्टेशनों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। इसके अलावा हिंसा ग्रस्त क्षेत्रों में जहां सोमवार और मंगलवार को हिंसा हुई थी, वहां सुरक्षाबलों की भारी तैनाती की गई है। पुलिस की तरफ से लगातार ऐलान किया जा रहा है कि एक जगह इकट्ठे न हो, पुलिस लोगों को ताकीद कर रही है कि अफवाह पर ध्यान न दें। 
यह भी कहा जा रहा है कि बेहद जरूरत होने पर ही घरों से बाहर निकलें। हालांकि गोकुलपुरी के सामने से जाने वाले आउटर रिंग रोड पर यातायात सामान्य दिनों की भांति है। रिंग रोड पर भी पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है। 
इस बीच, उत्तर पूर्वी दिल्ली जिले में भड़की हिंसा के बाद बंद पड़े कई मेट्रो स्टेशन को खोल दिया गया है। राजधानी में तनावपूर्ण शांति है। 
डीएमआरसी ने ट्वीट किया, “सभी स्टेशनों पर प्रवेश और निकास द्वार खोल दिए गए हैं। सभी स्टेशनों में सामान्य सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं।” लेकिन मेट्रो में लोगों की आवाजाही बेहद कम है। 
इस बीच गोकलपुरी इलाके में जिस टायर मार्केट को मंगलवार को आग के हवाले कर दिया गया था, आज भी फायर ब्रिगेड के लोग आग बुझाते हुए दिखे। आग इतनी भयानक लगी थी की आज भी बीच-बीच मे आग की लपटों और धुआं को देखा जा सकता है। 
बता दें कि दिल्ली में बीती रात तनावपूर्ण शांति में गुजरी। अब तक हिंसा में 20 लोगों की मौत हो चुकी है। 190 लोग जख्मी हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने रात में हिंसा ग्रस्त इलाकों का दौरा किया, गृह मंत्री ने 24 घंटे में तीन बड़ी बैठकें की। नॉर्थ ईस्ट इलाके के सभी स्कूल आज बंद रहेंगे। सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षा टल गई है। 

Ujjwal Jain