दिल्लीवालों को अचानक मौसम में आए बदलाव के चलते तपती गर्मी से राहत मिली है। दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में सोमवार की रात से लेकर मंगलवार की सुबह तक तेज हवाएं चलती रहीं और रुक-रुककर बारिश हुई। मौसम विभाग की मानें तो अगले 2-3 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा। बता दें कि रात को आई तेज आंधी की वजह से कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। नई दिल्ली के मंडी हाउस और अकबर रोड के अलावा उत्तरी और पूर्वी दिल्ली के कुछ इलाकों में पेड़ गिरने की खबर है। इसके अलावा दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित कांग्रेस दफ्तर के बाहर तेज आंधी की वजह से एक पेड़ गिर गया।
दिल्ली में आई तेज आंधी और बारिश ने मौसम को काफी सुहाना कर दिया। वहीं दिल्लीवासियों को तेज गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट देखी गई। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो-तीन दिन तक बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा। हालांकि इसके बाद एक बार फिर गर्मी लोगों को बेहाल करेगी। बताते चलें कि मंगलवार सुबह मौसम सुहावना रहने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने दिन में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान लगाया है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान के 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। उसके अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 82 प्रतिशत दर्ज किया गया था। आईएमडी के मुताबिक अगले 2 घंटों में हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में और आसपास के क्षेत्रों में 30-50 किमी / घंटा की गति के साथ तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश और हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश की भविष्यवाणी की थी।
मौसम विभाग द्वारा लगाए अनुमान के मुताबिक गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, गन्नौर, सोनीपत, बरवाला, नरवाना, राजौंद, असंध, सफीदों, जींद, गोहाना, खरखोदा, आदमपुर, हांसी, महम, रोहतक, सिवानी, तोशाम, झज्जर, लोहारू, नारनौल और महेंद्रगढ़ में मध्यम से भारी बारिश और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



