नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने प्रदूषण रहित दिवाली मनाने के लिए इस साल कनॉट प्लेस में सभी दिल्लीवासियों के साथ सामूहिक रूप से दिवाली मनाने की घोषणा की है। इसके लिए दिल्ली सरकार कनॉट प्लेस में मेगा लेजर शो का आयोजन कर रही है। इस बात की जानकारी सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी उपस्थित रहे।
केजरीवाल ने कहा कि पड़ोसी राज्यों में जलाई जा रही पराली से हो रहे प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने दिवाली पर पहली बार चार दिन का लेजर शो आयोजित करने का निर्णय लिया है। मेगा लेजर शो का आयोजन कनॉट प्लेस पर 26 से 29 अक्टूबर तक होगा। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर जानकारी दी कि इस बार हम सारी दिल्ली के लोग एक बड़े परिवार की तरह मिलकर एक साथ कनॉट प्लेस में प्रदूषणरहित दिवाली मनाएंगे।
उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से दिवाली मनाने से त्योहार का आनंद भी बढ़ेगा और प्रदूषण भी कम होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पड़ोसी राज्यों से पराली का धुआं आ रहा है, इसलिए शहर को आंतरिक प्रदूषण को कम रखने के लिए हर संभव कोशिश करनी होगी। इसमें जनता का सहयोग आवश्यक है।
दिल्ली के सभी लोग 26 से 29 अक्टूबर हर शाम 6-10 बजे के बीच कभी भी आ सकते हैं। लेजर शो के अलावा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं फूड कोट में लोग बेहतर व लजीज खाने का आनंद ले सकेंगे। बाजार को भी आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में सीएम अपने पूरे परिवार के साथ शामिल होंगे।
लेजर शो में प्रवेश के लिए पास की जरूरत नहीं
मुख्यमंत्री ने बताया कि लेजर शो का आयोजन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक होगा। इसके लिए किसी तरह के पास या टिकट की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर भी जानकारी दी दिल्ली की पहली सामूहिक दिवाली सभी दिल्लीवालों के लिए हैं। दिवाली हम सबका त्योहार है, किसी को भी किसी तरह के पास की जरूरत नहीं होगी।
26 अक्टूबर को एलजी करेंगे लेजर शो का उद्घाटन
केजरीवाल ने बताया कि छोटी दिवाली के दिन 26 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में लेजर शो का उद्घाटन दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल एक जगह ही लेजर शो का आयोजन हो रहा है। इसके बेहतर परिणाम आने के बाद अगले साल से दिल्ली में कई अन्य जगहों पर भी आयोजन होगा।
सीपी में व्यापार घटेगा नहीं बढ़ेगा
लेजर शो के आयोजन से व्यापारियों के व्यापार पर असर पर जब प्रश्न किया गया तो सीएम ने कहा कि लेजर शो का आनंद लेने पूरी दिल्ली सीपी आ रही है। इस कारण उस दौरान सीपी में व्यापार घटेगा नहीं बल्कि बढ़ेगा। वहां के व्यापारियों को इसका बेहद फायदा मिलेगा।
चार दिनों तक वाहन रहेंगे प्रतिबंध
दिल्ली सरकार के दिवाली समारोह आयोजन के कारण 26 से 29 अक्टूबर तक कनॉट प्लेस (सीपी) के इनर सर्किल में वाहनों के प्रवेश पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। इस बात की जानकारी सोमवार को उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। सिसोदिया ने बताया कि लेजर शो के लिए सीपी पर वाहनों का प्रतिबंध रहेगा। लोग मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए शिवाजी पार्क व अन्य जगह पर पार्किंग व्यवस्था की गई है।
पटाखा जलाने से ज्यादा लेजर शो देखने में मजा : सिसोदिया
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जो मजा पटाखा जलाकर दिवाली मनाने में आएगा, उससे ज्यादा मजा लेजर शो में आकर लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दिवाली पर जलाने वाले पटाखों से प्रदूषण होता है। हर साल दिवाली के बाद खबर आती है कि इतने का पटाखा जला। इतना प्रदूषण बढ़ गया।
अब ऐसा न हो इसके लिए लेजर शो का आनंद लें। मैं पिछली बार सिग्नेचर ब्रिज गया था। मैंने देखा लोग दीवाली पर पूजा कर वहां आए थें। इस बार सीपी आएं और साथ में दीवाली मनाए। जो मजा पटाखा जलाकर दीवाली मनाने में आएगा, उससे ज्यादा मजा लेजर शो में आकर लिया जा सकता है।