भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार शाम को हल्की बारिश या बूंदा-बांदी हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा,‘‘दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और दोपहर या शाम को आंधी चलने का अनुमान है।’’ आईएमडी ने कहा कि अधिकतम तापमान आज 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 54 प्रतिशत दर्ज किया गया था।
इसके साथ ही दिल्ली में अगले 2 दिनों में तापमान 41 डिग्री सेलसियस तक पहुंचने का अनुमान है। रविवार को तपती गर्मी रही। इस दौरान अधिकतम 40.2 डिग्री और न्यूनतम करीब 27.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक 134 रिकार्ड किया गया। आगे भी यह इतना रहने की संभावना है। फिलहाल दिल्ली में लू चलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों में हवा अधिकतम 28 किलोमीटर प्रतिघंटा के हिसाब से चलने का अनुमान है।
वहीं, हवा की गति न्यूनतम करीब 16 किलोमीटर प्रतिघंटा रहेगी। इसके अलावा 7 जून को अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम 25 रहेगा। 8 जून को यह बढ़ सकता है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिन तेज गर्मी होने के आसार हैं। बारिश की अभी कोई संभावना नहीं है। पिछले कुछ दिनों से मौसम में परिवर्तन देखा जा रहा है। इस साल मई की महीने में रिकॉर्ड बारिश भी दर्ज की गई थी। सुबह से उमस भरी तेज गर्मी और इसके बाद दोपहर बाद आंधी और बारिश से मौसम का मिजाज एकदम बदल जा रहा है।