दिल्ली में मंगलवार की सुबह तपिश भरी रही और न्यूनतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि सुबह दिल्ली में सापेक्ष आर्द्रता 58 फीसदी दर्ज की गई। सोमवार को न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से एक डिग्री कम 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार को सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को 30 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। देश के कई हिस्से ऐसे हैं, जहां पर पिछले कुछ दिनों से लगातार झमाझम मॉनसूनी बारिश हो रही है। लेकिन दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्से ऐसे हैं जो अब भी मानसून के आने का इंतजार कर रहे हैं। इस बार मानसून की तेजी से हो रही प्रगति को देखते हुए पहले तो 15 जून तक मानसून के दिल्ली पर छा जाने का पूर्वानुमान था।
लेकिन पश्चिमी हवाओं के चलते मानसून की रफ्तार जो थमी तो दोबारा मानसून जोर नहीं पकड़ सका। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर पुराने रिकॉर्ड के हिसाब से अनुमान लगाया जाता है। लेकिन कई बार हवा की दिशा में बदलाव या अन्य कारकों की वजह से मानसून अपने निर्धारित समय से देर से पहुंचता है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 4 दिनों के दौरान हवा की दिशा पश्चिमी, उत्तर पश्चिमी या दक्षिणी पश्चिमी रहेगी। मानसून को तेजी से आगे बढ़ाने वाली पूर्वी हवाएं चलने का अभी अनुमान नहीं है। इसके चलते अभी चार जुलाई तक मानसून के दिल्ली पर छाने के आसार नहीं हैं।