नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश युवा मोर्चा ने केजरीवाल सरकार के झूठे वादे व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हल्ला बोलते हुए ‘दिल्ली का युवा बोलेगा आम आदमी पार्टी की पोल खोलेगा’ अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा (भायुमो) के अध्यक्ष सुनील यादव ने किया, जिसका मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री केजरीवाल की कामों की पोल खोलना है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू एवं प्रदेश महामंत्री रविन्द्र गुप्ता ने आईटीओ चौक पर, राष्ट्रीय मंत्री व दिल्ली के सह-प्रभारी तरुण चुघ ने करोल बाग मेट्रो स्टेशन पर युवाओं को सम्बोधित किया। आईटीओ चौक पर उपस्थित युवा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि दिल्ली में जो सरकार 2015 से सत्ता में है उसने विगत साढ़े चार वर्ष से दिल्ली की जनता से किये एक भी वादे को पूरा न कर उनका शोषण किया है।
मुख्यमंत्री ने अपनी अकर्मण्यता को छिपाने के लिए केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति की है। हवा दूषित है, पानी दूषित है आज दिल्ली में, अनधिकृत कॉलोनियों में लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं, लेकिन मुख्यमंत्री आज भी दलगत राजनीति करने में व्यस्त है। देश महामंत्री रविन्द्र गुप्ता ने कहा कि झूठ की बिसात पर सत्ता ज्यादा दिन तक टिक नहीं पाती है। दिल्ली में सीएम ने काम तो नहीं किया लेकिन झूठे वादों से जनता को खुश करने का पूरा प्रयास किया है।