नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार में मंगलवार को सीमित व गंदे पानी की सप्लाई के मुद्दे पर भाजपा नेता विजय जौली के नेतृत्व में सैकड़ों क्षेत्रवासियों ने दिल्ली जल बोर्ड उपाध्यक्ष व संगम विहार विधायक दिनेश मोहानिया के कार्यालय पर ‘प्रचण्ड प्रदर्शन’ किया। इस प्रदर्शन में जौली संग बड़ी संख्या में महिलाओं ने हाथों में गंदे पानी की भरी बोतल, भाजपा के झंडे व नारे लिखी तख्तियों के साथ रतिया मार्ग, संगम विहार स्थित आम आदमी पार्टी विधायक के कार्यालय के बाहर जमकर करीब आधा घंटा तक नारेबाजी कर गुस्सा व रोष प्रकट किया।
जौली ने केजरीवाल सरकार पर आरोप लगाया कि दूषित पेयजल के कारण संगम विहार में महिलाएं, बच्चे व नौजवान अनेक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। लेकिन केजरीवाल सरकार व विधायक मोहनिया, जनता को झूठे आंकड़े बताकर गुमराह कर रहे हैं क्योंकि दिल्ली विधानसभा के चुनाव नजदीक हैं। प्रदर्शनकारियों को विधायक मोहनिया के कार्यालय के सामने संबोधित करते हुए भाजपा नेता जौली ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने हाल ही में विधानसभा में दावा किया था कि उनकी सरकार ने कच्ची बस्तियों के विकास पर पिछले पांच साल में आठ करोड़ रुपए खर्च किया है।
जौली ने केजरीवाल के दावे को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि संगम विहार इलाका पिछड़ा हुआ है और सड़कें टूटी-फूटी हैं। कई ब्लॉक में जल बोर्ड की पाइप लाइन नहीं बिछी है। रतिया मार्ग व मंगल बाजार रोड पर सीवर लाइन का काम अधूरा है। इसके चलते कई वर्षों से मंगल बाजार रोड पर घरों के सीवर का गंदा पानी बहता रहा है।