नई दिल्ली : दिल्ली में सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 20.1 और 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कई दिनों तक घना कोहरा पड़ेगा और आगामी शनिवार को बारिश के आसार बनेंगे। राजधानी में रविवार के मुकाबले सोमवार को न्यूनतम तापमान डेढ़ डिग्री कम दर्ज किया गया, लेकिन धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
वहीं पालम पर दृश्यता 50 मीटर तो सफदरजंग पर 200 मीटर तक दृश्यता बनी रही। पालम केन्द्र पर शाम साढ़े पांच बजे 12 किलोमीटर प्रतिघंटा और सफदरजंग पर 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चली। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी भागों में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना है जिस कारण कुछ स्थानों पर शीत लहर चलेगी। आठ से दस जनवरी के तक घना कोहरा पड़ सकता है जिसका असर सीधे दृश्यता पर पड़ेगा और यातायात भी सुबह के समय प्रभावित रह सकता है।
10 जनवरी को पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इससे पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र में कुछ स्थानों पर वर्षा और हिमपात हो सकता है। 11 जनवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और 12 जनवरी को वर्षा या गर्जन के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। सुबह के समय घना कोहरा पड़ेेगा और उसके बाद धुंध छाई रहेगी।
गत वर्ष से ज्यादा हुई बारिश
रविवार की सुबह साढे आठ बजे तक दिल्ली में 4.3 मिमी और सोमवार की सुबह तक 1.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। दोनों दिनों की बात करें तो कुल 5.9 मिमी बारिश हो चुकी है। इस लिहाज से गत वर्ष हुई बारिश का रिकॉर्ड टूट चुका है। मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2018 में कुल 4.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी और दो दिन बारिश हुई थी।
जनवरी माह में सबसे अधिक बारिश 2015 में कुल सात दिन हुई थी। इसके अलावा 2012 में पांच दिन बारिश हुई थी। 2012 से लेकर 2018 के बीच दो से तीन दिन ही बारिश रिकॉर्ड की गई है और 2016 में एक भी दिन बारिश नहीं हुई थी।