उत्तर पश्चिम दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार हंसराज हंस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व में जो कूटनीतिक संबंध बनाये थे उससे विंग कमांडर अभिनंदन को पाकिस्तान से वापस लाने में मदद मिली। पंजाबी गायक ने शहर में आयोजित एक रैली में शनिवार को कहा कि भारत को डर था कि अभिनंदन का हश्र भी कहीं सरबजीत सिंह जैसा न हो, लेकिन देश के कूटनीतिक कौशल ने उसे पाकिस्तान से रिहा कराया। सरबजीत एक भारतीय नागरिक थे जिस पर लाहौर के कोट लखपत जेल में 2013 में दो कैदियों ने हमला किया था जिससे उनकी मृत्यु हो गई थी।
उन्होंने कहा, “लोगों को हमेशा उस वीर सैनिक का नाम याद रखना चाहिए जो एक असाधारण अभियान को अंजाम देने के दौरान पाकिस्तान में फंस गया। वह अभिनंदन हैं।” उन्होंने कहा कि हमने सोचा कि उनका भी सरबजीत जैसा हश्र होगा। लेकिन मोदी ने पूरी दुनिया में जो कूटनीतिक संबंध बनाये थे उससे पाकिस्तान पर दबाव बनाने में मदद मिली।
हंस ने कहा, “अमेरिका, कनाडा, यूरोप, आस्ट्रेलिया, यहां तक कि अरब देशों ने पाकिस्तान को बताया कि अब एक शेर भारत में शासन करता है। अभिनंदन को जल्दी रिहा करो नहीं तो वह पाकिस्तान को दुनिया के नक्शे से मिटा देगा।” चुनाव आयोग ने इससे पहले राजनीतिक दलों से विंग कमांडर और सशस्त्र बलों का उल्लेख करने से परहेज करने के लिए कहा था।


Download Android App
Download iOS App





