इंदौर: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के विधानसभा चुनाव प्रचार-प्रसार के लिये आज से मध्यप्रदेश की यात्रा शुरु होने के पहले यहां गांधी प्रतिमा पर किसी ने उनके आगमन को लेकर एक विवादित पोस्टर लगा दिया हैं। इस पोस्टर के सामने आते ही कांग्रेस ने पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पोस्टर को कांग्रेस की अंतर्कलह करार देते हुये गुटबाजी करार दिया हैं। पोस्टर पर गांधी को रोड शो करते हुये एक बस में सवार दिखाया गया। जिसमें उनके हाथों में एक तेल की कुप्पी दर्शाते हुये कुप्पी पर स्लोगन लिखा हैं ‘कांग्रेस गयी तेल लेने’। पोस्टर में कांग्रेस प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष और इंदौर के राउ से विधायक जीतू पटवारी, वरिष्ट नेता दिग्विजय सिंह के साथ एक मोटरसाइकिल पर सवार दिखायी दे रहें हैं।
पोस्टर में निवेदक के रूप में कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष प्रमोद टंडन, जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव सहित राउ विधानसभा क्षेत्र के कई नेताओं के नाम लिखे हुये हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस इकाई के सचिव राकेश सिंह यादव ने डीआईजी को मामले में शिकायत करने के बाद भाजपा पर आरोप लगाते हुये कहा कि भाजपा कांग्रेस के पक्ष में स्पष्ट दिख रहे जनाधार से घबरा गयीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जीतू पटवारी का पहले भी भाजपा ने एक वीडियो वायरल कर उन्हें पार्टी विरोधी दिखाने का षड्यंत्र रचा था। असफल होने पर वे अब गांधी के आगमन से पहले विवादित पोस्टर डीआईजी कार्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर लगा रहें हैं। मामले में डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्र से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कांग्रेस कि ओर से शिकायत प्राप्त हुयीं हैं। पोस्टर निकालने के निर्देश दिये गये हैं। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक कर जांच कर, कार्रवाई करेंगे। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा ने पोस्टर विवाद के इस पूरे मामले को कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी बताया हैं। पुलिस मामले की जांच कर रहीं हैं।
महाकाल मंदिर में नहीं मिलेगा राहुल को प्रोटोकॉलः आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी उज्जैन आएंगे। राहुल गांधी शहर में करीब पौने 3 घंटे रहेंगे वह इंदौर से हेलीकॉप्टर से उज्जैन आएंगे। राहुल गांधी सुबह सवा ग्यारह बजे देवास रोड स्थित पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरेंगे यहां से वे महाकालेश्वर मन्दिर में पूजन अर्चन के लिए जाएंगे।
महाकालेश्वर का दूध दही शहद घी शक्कर से पंचामृत अभिषेक करेंगे। उनके साथ सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ भी पूजन करेंगे । राहुल गांधी के दर्शन के लिए सामान्य दर्शनार्थियों को नहीं रोका जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को आचार संहिता के चलते महाकाल मंदिर में प्रोटोकोल नहीं मिलेगा। महाकाल दर्शन के बाद राहुल गांधी दशहरा मैदान में सभा के लिए आएंगे। ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमलनाथ भी संबोधित करेंगे। हेलीपैड पर भी राहुल की अगवानी के लिए कुछ चुनिंदा कांग्रेसी नेताओं को ही इजाजत दी जाएगी सभा स्थल पर भी राहुल गांधी की सुरक्षा के माकूल इंतजाम किए हैं। सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेकटर लगाए गए।