नई दिल्ली : उत्तरी नगर निगम के हिंदूराव अस्पताल में मंगलवार को भी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रही। अस्पताल में हड़ताल का असर इस कदर रहा कि इमरजेंसी में आए मरीजों को प्राथमिक उपचार तक नहीं मिल पाया। मरीज अस्पताल परिसर में दर्द से कराहते रहे, लेकिन किसी भी डॉक्टरों ने उनका इलाज नहीं किया। अंततः उन्हें मजबूरन किसी दूसरे अस्पताल का रुख करना पड़ा।
हालांकि देर शाम उत्तरी नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों और रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ हुई बैठक के बाद हड़ताल को समाप्त कर दिया गया। बुधवार यानी आज से सारी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होंगी। गौरतलब है कि मंगलवार को हड़ताल होने की वजह से पहले तय करीब 50 सर्जरी नहीं हो पाईं।
गंभीर मरीजों का इलाज करने से इनकार… दिल्ली के सोनिया विहार से हिंदूराव अस्पताल में इलाज कराने आई सुनीता नाम की महिला को बिना प्राथमिक उपचार किए ही वापस भेज दिया। सुनीता के परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने उसे यह कहकर इलाज करने से मना कर दिया कि वह अब गंभीर मरीजों का इलाज नहीं करेंगे।
क्योंकि गंभीर स्थिति में आए मरीजों को अगर कुछ हो जाता है तो मरीज के तीमारदार डॉक्टरों की ही पिटाई कर देते हैं। डॉक्टरों के इस बयान से न सिर्फ मरीज हताहत हैं, बल्कि वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारी को भी अजीब लगा।
मरीज की मौत के बाद बिगड़े हालात
शनिवार रात राजबाला नाम की 45 वर्षीय महिला को आपातस्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला किडनी की बीमारी से ग्रसित थी। साथ ही उसका काफी दिनों से डायलिसिस भी नहीं हुआ था। भर्ती करने के कुछ घंटे बाद ही रात एक बजे के करीब महिला की मौत गई। उसके बाद महिला के परिवार वाले एकत्रित हो गए। उन्होंने अस्पताल के एक जूनियर रेजिडेंट और इंटर्न डॉक्टर के साथ बदसलूकी और मारपीट की। जूनियर डॉक्टर के सिर में काफी चोटें आई हैं।
बैठक में कई मुद्दों को रखा गया
मंगलवार देर शाम को हुई हिंदूराव अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) और निगम अधिकारियों की बैठक में 16 मांगों पर सहमति बनी है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल चौधरी ने कहा कि बैठक में रखी गईं अगर किसी भी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आरडीए एक बार फिर हड़ताल चली जाएगी।
उन्होंने कहा कि फिलहाल अस्पताल में तत्काल सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाने, हड़ताल पर गए किसी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई न करने, अस्पताल में करीब 15-20 बाउंसर और अस्पताल के हाई प्रो-जोन एरिए में सीसीटीवी लगाने सहित कई मुद्दों पर सहमति बनी है।