नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले शुक्रवार से शुरू हो गए हैं। डीयू में दाखिले के लिए देशभर से छात्रों का हुजूम राजधानी में उमड़ पड़ा है। सुबह से ही कॉलेजों में दाखिला फार्म और फीस काउंटर पर छात्रों की लंबी लाइनें दिखाई दीं। दोपहर की तपती गर्मी भी छात्रों में डीयू के कॉलेजों में दाखिले के जूनून को खत्म नहीं कर पाया। हालांकि कुछ कॉलेजों में हाई कटऑफ के चलते दाखिले के लिए छात्रों की कम संख्या रही।
लेडी श्री राम कॉलेज, मिरांडा हाउस, गार्गी कॉलेज और अन्य गर्ल्स कॉलेजों में सुबह से दोपहर तक छात्राओं का जमावड़ा रहा। नॉर्थ कैंपस और साउथ कैंपस के साथ-साथ डीयू के अन्य कॉलेजों में पात्रता के आधार पर पहली कटऑफ लिस्ट के तहत दाखिले किए गए। कुछ ने पहली कटऑफ में ही अपने पसंदीदा कोर्स में दाखिला पक्का करवाया तो कुछ ने पसंदीदा कोर्स में दाखिले के लिए दूसरी कटऑफ का इंतजार करना मुनासिब समझा।
जगह-जगह लगे हेल्प डेस्क… पहली बार कॉलेज में दाखिले के लिए आए छात्रों की सहायत के लिए डीयू के नॉर्थ कैंपस से लेकर अन्य सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क लगाए गए। पहली कटऑफ में चयनित छात्रों की मदद के लिए एबीवीपी ने डीयू के सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क लगाए। दूसरे राज्यों से आने वाले छात्रों को इससे खासा फायदा हुआ।
इसके साथ ही एबीवीपी की मांग पर आंध्र प्रदेश बोर्ड के छात्रों के ग्रेड सिस्टम में आए परीक्षा परिणाम को प्रतिशत अंक में परिवर्तित करने को डीयू प्रशासन ने स्वीकृति दे दी है। एबीवीपी के मुताबिक ग्रेड को प्रतिशत अंक में परिवर्तित करते समय 9.5 से गुणा करने की जगह 10 से गुणा करने के नियम संबंधी दिशा-निर्देश शुक्रवार शाम को जारी कर दिए गए हैं।
एडवांस में करवा ली थी टिकट बुक
दाखिले के लिए डीयू के नॉर्थ कैंपस पहुंचे छात्रों से बातचीत में पता चला कि उनमें डीयू में दाखिला लेने का कितना जुनून है। उत्तर प्रदेश से आए राहुल ने बताया कि उन्होंने एडवांस में ही टिकट बुक करवा ली थी, ताकि वह समय पर दिल्ली पहुंचकर डीयू के कॉलेज में पहली कटऑफ में ही दाखिला पक्का हो सके। वहीं एक अन्य छात्र ने बताया कि वह डीयू में दाखिले के लिए कल ही राजस्थान से आएं हैं।


Download Android App
Download iOS App



