मेट्रो मुफ्त यात्रा योजना पर मेट्रो मैन ई. श्रीधरन द्वारा दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को लिखे गये पत्र पर राजनीति गर्मा गई है। आम आदमी पार्टी (आप) ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी की नेता आतिशी ने एक प्रेसवार्ता कर कहा कि हम श्रीधरन जी का सम्मान करते हैं क्योंकि उन्होंने मेट्रो को वर्ल्ड क्लास बनाया है लेकिन उनके पत्र को देखकर अचंभा होता है क्योंकि यह पूरी तरह से राजनीतिक है।
इसे देखकर लगता है कि वे भाजपा की भाषा बोल रहे हैं। आतिशी ने कहा कि श्रीधरन जैसे सम्मानित पॉलिसी मेकर को देखकर लगता है कि भाजपा उनके कंधे पर बंदूक रखकर चलाना चाहती है। क्योंकि जो भाषा वे बोल रहे हैं वहीं भाषा भाजपा बोलना चाहती है।
भाजपा पर हमला बोलते हुए आप नेता ने कहा कि भाजपा दिल्ली के आर्थिक विकास एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ है। इसीलिए वह नहीं चाहती कि यह योजना दिल्ली में लागू हो।