नई दिल्ली : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने रविवार को पूर्वी दिल्ली नगर निगम के ब्रह्मपुरी वार्ड में चार विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें एक्स ब्लॉक ब्रह्मपुरी में निगम विद्यालय में लगे सोलर पैनल प्लांट और पंचकर्म अस्पताल में दिव्यांगों के पैदल पथ का लोकार्पण किया।
वहीं हरदयाल लाइब्रेरी में एक कंप्यूटर केंद्र के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। एक अन्य कार्यक्रम में नया उस्मानपुर गांव स्थित नगर निगम प्राथमिक विद्यालय स्मार्ट क्लास एवं अभिभावकों के एक प्रतीक्षालय का भी लोकार्पण किया गया। इस बाबत दोनों विद्यालयों में दो कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्वी दिल्ली नगर निगम की महापौर अंजू कमलकांत, स्थाई समिति के अध्यक्ष संदीप कपूर, उप महापौर संजय गोयल, नेता सदन निर्मल जैन, जोन चेयरमैन प्रवेश शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय महावर के अलावा कई लोग मौजूद रहे।
मनोज तिवारी ने कहा पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सराहनीय कार्यों से उन आलोचकों का मुंह बंद हो गया है जो दिल्ली के तीनों निगमों में इसे अति पिछड़ा निगम बताते रहे हैं। पूर्वी दिल्ली नगर निगम की कार्य संस्कृति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास सिद्धांत की झलक दिखती है। तिवारी ने कहा कि पूर्वी निगम द्वारा लगाए गए सोलर प्लांट से बनने वाली ऊर्जा न सिर्फ स्कूल में बिजली की जरूरतों को पूरा करेगी बल्कि जरूरत से ज्यादा पैदा बिजली को संरक्षित कर क्षेत्र के अंधेरे को भी दूर करने में सहायक सिद्ध होगी।