आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव दिल्ली के दो करोड़ लोगों और भाजपा के 200 सांसदों के बीच की लड़ाई है। केजरीवाल ने लोगों से आप को वोट देने की अपील भी की।
यहां एक रोड शो के दौरान उन्होंने कहा, ‘यह लड़ाई दिल्ली के दो करोड़ लोगों और 200 भाजपा सांसदों के बीच है। जब वे आएं तो पांच साल में किए गए कार्यों को बताएं और उन्हें उनके राज्यों में वापस भेज दें। उन्हें दिल्ली का अपमान न करने दें।’
केजरीवाल भाजपा की ओर से चुनाव प्रचार के लिए 200 पार्टी सांसदों, 70 मंत्रियों और 11 मुख्यमंत्रियों को दिल्ली लाने के फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे।
केजरीवाल ने कहा, ‘अगर वे आपके क्षेत्र में आते हैं तो उनसे उनके राज्य के बारे में पूछें। उनसे पूछें कि वे दिल्ली के बारे में क्या जानते हैं। उनसे सवाल करें कि उनके राज्य में लोगों को कितने घंटे बिजली मिलती है और इसकी लागत क्या है? उनके राज्य में एक परिवार को पानी के लिए कितना भुगतान करना पड़ता है और उन्हें बताएं कि आपको ये सभी मुफ्त में मिल रहे हैं।’
इसके तुरंत बाद आप के कई नेताओं ने ट्वीट कर कहा कि पूरी भाजपा केजरीवाल के खिलाफ खड़ी हुई है।


Download Android App
Download iOS App



