हल्द्वानी : न्यायालय के आदेश पर प्रदेश सरकार ने निर्वाचन आयोग को दबाव में लेकर निकाय चुनाव की तिथि जल्द घोषित करवाने का काम किया है। जबकि इसके लिए राज्य सरकार पूर्ण रूप से तैयार नहीं थी। यह बात कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रीतम सिंह ने यहां कांग्रेस मुख्यालय स्वराज आश्रम में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नगर निकाय चुनावों को अभी और टालना चाहती थी। क्योंकि पार्टी के नेताओं में नगर निकाय चुनाव को लेकर एकराय नहीं बन पा रही थी। परंतु न्यायालय ने मामले को तुरंत संज्ञान में लेते हुए निर्वाचन आयोग को चुनावों को जल्द कराने का आदेश दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस समय राज्य के विकास में पूर्णतः विफल साबित हुई है। केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए श्री सिंह ने कहा कि मोदी लोकसभा चुनाव से पहले देश की जनता को यह कहकर बेवकूफ बनाते रहे कि भाजपा के सत्ता में आते ही अच्छे दिन आ जाएंगे। लेकिन उन्होंने जनता को इसकी समयावधि नहीं बताई। आज देश में महंगाई चरम पर है। आम जनता का जीना दुश्वार हो गया है। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तब गैस सिलेंडर 400 रूपये था, परंतु आज इसकी कीमत लगभग एक हजार रूपये पहुंच गई है। साथ ही पैट्रोल व डीजल के बढ़ते दामों पर भी उन्होंने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए इसे आम जनता के साथ वादाखिलाफी बताया। वर्ष 2017 के विधान सभा चुनाव में उत्तराखंड में चुनावी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने यहां के किसानों से कहा था कि यदि यहां पर डबल इंजन की सरकार आती है तो किसानों को कर्ज माफ किया जाएगा।
निकाय चुनाव का बजा बिगुल
लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद परिणाम ठीक इसके उलट देखने को मिला। उन्होंने कहा कि किसानों के कर्ज तो माफ नहीं हुए, लेकिन कर्ज के बोझ तले दबे किसानों के आत्महत्या करने के मामलों में बढ़ोत्तरी हो गई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 1.24 करोड़ के निवेश उत्तराखंड में करने की बात कही थी, लेकिन धरातल में कुछ भी देखने को नहीं मिला। दो-दो संतों ने अविरल धारा को लेकर अपने प्राण तक त्याग दिये, लेकिन सरकार ने गंगा की निर्मलता को लेकर कोई कदम नहीं उठाया। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, विधायक गोविन्द सिंह कुंजवाल, आदेश अग्रवाल, पूर्व काबिना मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल, पूर्व विधायक मदन बिष्ट, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सरिता आर्या, गोपाल राणा, नारायण राम, राजेंद्र नेगी सहित सभी जिलाध्यक्षों के अलावा प्रमुुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
– संजय तलवाड़