पूर्वी दिल्ली : शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के जगतपुरी इलाके में 70 वर्षीय बुजुर्ग द्वारा अपनी पत्नी हत्या करने के बाद खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। मौके से पुलिस को एक ईंट बरामद हुई है। महिला का शव खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा था, जबकि बुजुर्ग पंखे के सहारे बंधे चादर के फंदे पर झूल रहे थे।
आशंका जताई जा रही है कि महिला के सिर पर ईंट से ही कई वार कर उनकी हत्या की गई है। मृतकों की पहचान लक्ष्मी देवी (45) और मानक चंद बेदी के तौर पर हुई है। छह माह पहले ही दोनों ने शादी की थी। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस हत्या का केस दर्जकर परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मानक परिवार सहित जगतपुरी के बलदेव पार्क इलाके में रहते थे। परिवार में तीन बेटे और चार बेटी हैं। सभी की शादी हो चुकी है। मानक ने करीब छह माह पूर्व ही लक्ष्मी से गुरुद्वारे में दूसरी शादी की थी। करीब 8-9 वर्ष पहले उनकी पहली पत्नी की मौत हो गई थी। मानक प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे।
चार मंजिला मकान में मानक पत्नी के साथ भूतल पर रहते थे। अन्य मंजिल पर उनके बेटे बीवी-बच्चों के साथ रहते हैं। गुरुवार सुबह करीब पौने 11 बजे पुलिस को सूचना को ये सूचना मिली थी कि बुजुर्ग ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें महिला की हत्या के बारे में पता चला। इसके बाद आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी दिया गया।
सबसे पहले पोते ने देखा…
सुबह करीब साढ़े 10 बजे मानक चंद बेदी का 15 वर्षीय पोता उनके पास गया था, लेकिन दादा के कमरे पर लगा जाली वाला गेट बंद था, जबकि दूसरा गेट खुला हुआ था। पोते ने जाली में से ही दादा को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद शोर मचाकर अपने माता-पिता व अन्य परिजनों को बुलाया।
परिजनों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। इस बीच परिजन गेट तोड़कर कमरे में दाखिल हुए। बिस्तर पर लक्ष्मी का शव खून से लथपत हालत में पड़ा था। उनके सिर पर चोट के निशान थे।
समझौता चाहते थे मानक…
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्हें लोकल जांच में पता चला है कि बुधवार को उन्होंने अपने परिचित लोगों से कहा था कि वह काफी परेशान हैं। वह चाहते हैं कि कोई उनका उनकी पत्नी से समझौता करा दे। दरअसल शादी के बाद से ही मानक और लक्ष्मी की आपस में बन नहीं रही थी। लक्ष्मी उन्हें छोड़कर भी चली गई थी और बात पुलिस तक भी पहुंची थी। मगर मानक उन्हें मनाकर वापस ले आए थे। हालांकि अब भी दोनों के बीच सब कुछ ठीक नहीं हुआ था।