नई दिल्ली : लोक निर्माण विभाग द्वारा 2002 में पंजाबी बाग में बनाए गए दो फ्लाईओवर ट्रैफिक के बढ़ते जा रहे बोझ से चरमराने लगे हैं। यहां सुबह 7 से 10 बजे और सायं 5 बजे से 7 बजे तक लगने वाला ट्रैफिक जाम लोगों की नाक में दम कर देता है। इसी समस्या से मुक्ति पाने के लिए प्रशासन ने न केवल इन दोनों फ्लाईओवरों को विस्तार देने का निर्णय लिया है बल्कि एक अन्य के निर्माण की भी योजना बनाई है।
वास्तव में यहां रिंग रोड पार कर पूर्वी और पश्चिम पंजाबी बाग आने-जाने के लिए न अंडरपास है और न ही फ्लाईओवर, जिस कारण हालात दिन-प्रतिदिन बिगड़ते जा रहे हैं। एक पीडब्ल्यूडी अधिकारी के अनुसार यहां रिंग रोड पर दो फ्लाईओवर हैं। एक क्लब रोड इंटरसेक्शन पर और दूसरा मोतीनगर जंक्शन पर। ये दोनों ही दो लेन वाले वन-वे फ्लाईओवर हैं।
अब योजना इन फ्लाईओवरों की दोनों दिशाओं में तीन लेन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा लम्बाई में भी विस्तार देने की है। क्लब रोड का फ्लाईओवर लगभग 600 मीटर लंबा है तथा इसे अब ईएसआई अस्पताल तक 1.5 किमी. का विस्तार दिया जाएगा।
3 चरणों में पूरी होगी परियोजना
अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना तीन चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में क्लब रोड फ्लाईओवर के विस्तार हेतु अतिरिक्त कैम्पों का निर्माण और इसका चौड़ीकरण किया जाएगा। दूसरे चरण में मोतीनगर फ्लाईओवर का विस्तारीकरण किया जाएगा और एक नया समानान्तर फ्लाईओवर निर्मित होगा। तीसरे चरण में क्लब रोड से ईएसआई अस्पताल तक एलिवेटेड एक्सटेंशन बनाने हेतु सुपरस्ट्रक्चर के लिए रैंप बनाए जाएंगे। इस 300 करोड़ की परियोजना के निर्माण में एक वर्ष का समय लगेगा।